Art of Indian Roti making

Last Updated on: 13th November 2026, 10:58 am

भारतीय रसोई की आत्मा: रोटी की कला

कान्ता नाढानी

1

“भारतीय रसोई की आत्मा: रोटी की कला“ (लेखिका: कान्ता नाढानी) केवल एक भोजन-सामग्री का विवरण नहीं, बल्कि भारतीय गृहस्थ जीवन की संवेदनाओं, पारिवारिक आत्मीयता और विलुप्त होती रसोई-संस्कृति का एक मार्मिक संस्मरण है। लेखिका अपनी माँ और सास से सीखे गए अनुभवों के माध्यम से यह दर्शाती हैं कि आटा गूँधने से लेकर तवे पर रोटी फुलाने तक की पूरी प्रक्रिया केवल रसोई का दैनन्दिन कार्य नहीं, अपितु एक समर्पित ‘साधना’ है। आधुनिक जीवनशैली में इस हस्तकला के प्रति पनपती उदासीनता पर चिंता व्यक्त करते हुए, यह आलेख रोटी बनाने का कलात्मक मार्ग दर्शाता है।

सारांश

  • भारतीय जीवन–मूल्यों का प्रतीक: रोटी केवल आटे और पानी से बनी गोल टिकिया न होकर भारतीय घर की ऊष्मा, वात्सल्य और पारिवारिक जुड़ाव का प्राणतत्व है। भारतीय घरों में दैनिक आहार की परंपरा और आतिथ्य का मूल आधार रोटी ही रही है।
  • अहंकार से सहज साधना तक की यात्रा: विवाह से पूर्व स्वयं को रोटी बनाने में निपुण मानने वाली लेखिका जब ससुराल पहुँचकर अपनी बनाई रोटियों की त्रुटियों—जैसे मोटे किनारे, अनिश्चित आकार और अपूर्ण फुलाव—से अवगत होती हैं, तो सास के धैर्यपूर्ण मार्गदर्शन में वे इसे नए सिरे से सीखती हैं। यहाँ रोटी बनाना महज भोजन पकाना न रहकर एक कलात्मक साधना का रूप ले लेता है।
  • आधुनिक जीवनशैली और बदलता दृष्टिकोण: आलेख में इस कटु सत्य को रेखांकित किया गया है कि आज की भागदौड़ भरी दिनचर्या में रोटी बनाने की पारंपरिक श्रमसाध्य प्रक्रिया को झंझट माना जाने लगा है। सजावटी नाखूनों की चिंता, हाथों में आटा सटने का परहेज़ और काँटे-चम्मच से खाने की होड़ ने रसोई की इस जीवंत परंपरा को आघात पहुँचाया है; जबकि यथार्थ यह है कि आज भी आतिथ्य में मेहमानों की असली चाहत गरम और सुकोमल रोटी ही होती है।

भारतीय रसोई की आत्मा: रोटी की कला

कान्ता नाढानी

रोटी केवल आटे और पानी से बनी गोल टिकिया नहीं, यह भारतीय रसोई की आत्मा है, भारतीय घर की पारिवारिक जुड़ाव का प्राणतत्व है। भारतीय घरों में दैनिक आहार की परंपरा और आतिथ्य का मूल आधार रोटी ही रही है। भारत के लगभग हर घर में दिन की शुरुआत और अंत रोटी से ही होता आया है। इसलिए हर लड़की को नरम, फूली हुई, स्वादिष्ट रोटी बनाना सिखाया जाता है.

शादी से पहले मैंने भी अपनी माँ से रोटी बनाना सीखा था। जैसे हर लड़की सीखती है। मुझे पूरा विश्वास था कि ससुराल में मेरी रोटियों की खूब प्रशंसा होगी। माँ भी गर्व से सबको कहती थीं — “मेरी बेटी बहुत अच्छा खाना बनाती है।”

लेकिन ससुराल पहुँचते ही मेरा वह छोटा-सा अभिमान धीरे-धीरे पिघलने लगा।

वहाँ रोटी केवल दोपहर या रात का भोजन नहीं थी। सुबह के नाश्ते में भी रोटी, शाम की चाय के साथ भी अक्सर रोटी। और जब मैंने पहली बार वहाँ की रोटी खाई, तो मुझे लगा जैसे मैं रोटी का नया स्वाद चख रही हूँ। इतनी मुलायम, फिर भी हल्की, कुरकुरी। इतनी पतली कि जैसे  रूई से बनी हो। हर कौर में एक अलग ही सोंधी महक थी।

मैंने अपनी बनाई रोटियों को याद किया। उनके किनारे थोड़े मोटे होते थे। कहीं गोलाई बिगड़ जाती थी। कहीं एक हिस्सा ज्यादा सिक जाता, कहीं कम। और सबसे बड़ी बात — मेरी रोटी पूरी तरह गुब्बारे की तरह फूलती ही नहीं थी।

मुझे अपने ऊपर थोड़ी शर्म-सी महसूस हुई। मेरी सास मुस्कुराईं। उन्होंने प्यार से कहा —“आओ, मैं तुम्हें नरम फूली रोटी बनाना सिखाती हूँ। ध्यान से देखना।”

उनकी बात सुनकर मन हल्का हो गया।

फिर मैं रोज़ बड़ी उत्सुकता से उन्हें रोटी बनाते देखती। आटा गूँधने से लेकर तवे पर सेंकने तक, हर छोटी बात। वे धैर्य से समझातीं — कितना पानी डालना है, कितना दबाव देना है, बेलन कैसे चलाना है, तवे की आँच कैसी होनी चाहिए। गलतियाँ भी बतातीं — कहाँ रोटी सख्त हो जाती है, कहाँ किनारे मोटे रह जाते हैं।

धीरे-धीरे रोटी बनाना मेरे लिए केवल काम नहीं रहा। वह एक कला बन गया। एक साधना जैसी। मैं अभ्यास करती रही। और सचमुच, कुछ महीनों बाद मेरी रोटियाँ भी गोल, नरम और फूली हुई बनने लगीं.

लेकिन आज लगता है, भारतीय रसोई से रोटी की परंपरा,  धीरे-धीरे गायब होती जा रही है। अब लोगों को रोटी बनाना झंझट लगता है। आटे से हाथ गंदे हो जाते हैं। नाखूनों की सजावट खराब हो जाती है। रोटी बनाना लगन  का काम है। पानी मिलाने से लेकर गूँधने तक, बेलने से लेकर सेंकने तक, पूरा ध्यान चाहिए।

अब रोटी  खाना भी  पसंद नहीं करते, न चम्मच, न कांटा, हाथ से रोटी तोड़कर खाओ । हाथ  गंदे हो जाते।

हम मेहमानों को तरह-तरह के, नए नए, ख़ास पकवान परोसते हैं। लेकिन गर्म, नरम रोटी कम ही परोसते हैं। हालाँकि सच तो यह है कि अधिकतर मेहमान मन से रोटी ही पसंद करते हैं। पर अच्छी रोटी बनाना हर किसी के बस की बात नहीं रही।

मुझे आज भी बहुत खुशी होती है जब कोई मेहमान कहता है — “गरम गरम रोटी खिलाओगी  ?”

तब मैं कुछ अधिक उत्साह से रोटी बनाती हूँ। जैसे केवल हाथ नहीं, मन भी आटे में गूँध जाता हो।

अब मैं अपने अनुभव से रोटी बनाने की कुछ  राज बताती हूँ। मेरे लिए रोटी बाजार के पैकेट वाले आटे से शुरू नहीं होती।
मेरी रोटी की शुरुआत गेहूँ से होती है। मैं अच्छे दाने वाला साबुत गेहूँ चुनती हूँ। फिर उसे आटा चक्की पर पिसवाने भेजती हूँ। मेरा चक्की वाला अब मेरी पसंद समझ गया है। आटा न बहुत महीन हो, न बहुत मोटा।

कई बार पिसवाया, परखा, आटा समझ में आ गया । अच्छी रोटी की पहली सीढ़ी, सही आटा होता है। फिर शुरू होता है असली काम।

एक बड़ी परात में नपा हुआ आटा रखिए। साथ में पानी भी नापकर रखिए। आटे के बीच में गहरा गड्ढा बनाइए। पहले थोड़ा पानी डालिए। फिर उँगलियों से धीरे-धीरे आटा और पानी मिलाइए।

आटा गूँधना भी अपने आप में कला है। कभी दबाइए, कभी मोड़िए, कभी थपथपाइए। जरूरत हो तो थोड़ा पानी और छिड़किए। आटा न बहुत सख्त हो, न बहुत ढीला।

फिर उसकी लोई बनाइए। बराबर आकार की छोटी-छोटी गोलियाँ तोड़िए।

चकले पर थोड़ा सूखा आटा लगाइए। लोई को उँगलियों से दबाकर चपटा कीजिए। फिर धीरे-धीरे बेलन चलाइए। हर दिशा में बराबर दबाव। किनारे पतले रहें, गोलाई सुंदर बने।

अब सेंकने की बारी। गरम तवे पर रोटी डालिए। एक तरफ हल्की सिकाई, फिर पलटिए। दूसरी तरफ सिकने दीजिए। फिर दोबारा पलटते ही भीतर की भाप रोटी को फूलाने लगेगी। जैसे साधारण आटे में अचानक प्राण आ गए हों।

फिर रोटी को सीधे आँच पर फुलाइए। चारों किनारे अच्छी तरह सेंकिए। जब गोल गुब्बारे जैसी फूली हुई गरम रोटी ।

रोटी जब तवे से उतरकर थाली में आती है, तो मुझे लगता है —रोटी केवल भोजन नहीं,अंतर का प्रेम है, सादगी और प्यार भरा।