Ayurveda & Yoga

Last Updated on: 13th November 2026, 11:15 am

===|| आयुर्वेद और योग ||===

कान्ता नाढानी

2

*** शरीर से मन तक की एक यात्रा ***

कुछ स्थान केवल देखे नहीं जाते, उन्हें अनुभव किया जाता है। कुछ यात्राएँ केवल बाहर की दुनिया नहीं दिखातीं, बल्कि भीतर की ओर भी देखने का अवसर देती हैं। आयुर्वेद और योग भी ऐसी ही एक यात्रा के दो पड़ाव हैं— एक शरीर को समझने की परम्परा, दूसरा शरीर के अलावा  मन और चेतना को समझने की साधना।

आयुर्वेद और योग — भारत की प्राचीन जीवन-दृष्टि

भारत की प्राचीन परम्परा में स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी से मुक्त होना नहीं। बल्कि शरीर, मन, प्रकृति और दिनचर्या के बीच एक सहज संतुलन बना कर रखना । आयुर्वेद इसी सोच से निकली जीवन-पद्धति है—जिसमें मनुष्य को केवल एक शरीर नहीं, बल्कि प्रकृति का एक अभिन्न हिस्सा माना गया।

योग इसी खोज को एक और गहराई दी, और शरीर के साथ श्वास, मन, विचार और आत्मचेतना को समझने का मार्ग दिखाया।

हजारों वर्षों पहले, आधुनिक चिकित्सा विज्ञान और प्रयोगशालाएँ नहीं थीं, तब भारतीय ऋषि प्रकृति, औषधीय वनस्पतियों, आहार, ऋतु, शरीर और मन के संबंधों का सूक्ष्म अध्ययन कर रहे थे।

उनके अनुभव धीरे-धीरे परम्पराओं में बदले, और फिर, आयुर्वेद के अनेक शास्त्रीय ग्रन्थों में व्यवस्थित हुए। योग भी केवल आसनों का नाम नहीं था। वह अनुशासन, ध्यान, श्वास, आत्मनिरीक्षण और जीवन को भीतर से समझने की साधना थी। समय बदला, समाज बदला, जीवन की परिस्थितियाँ बदलती गईं, लेकिन इन परम्पराओं का मूल प्रश्न वही रहा—मनुष्य स्वस्थ, संतुलित और शांत कैसे रहे?

भारत से योग धीरे-धीरे दुनिया के अनेक देशों तक पहुँचा. आज योग के आसन, प्राणायाम और ध्यान  विश्व के विभिन्न भागों में अपनाए जाते हैं। आयुर्वेद ने भी भारत की सीमाओं से बाहर जाकर प्राकृतिक जीवन-पद्धति, आहार, औषधीय वनस्पतियों और समग्र स्वास्थ्य के प्रति लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

इन दोनों परम्पराओं की सबसे बड़ी विशेषता यही है, कि वे मनुष्य को प्रकृति से अलग नहीं करतीं। वे हमें याद दिलाती हैं कि, शरीर को केवल मशीन की तरह चलाना, और मन को लगातार दौड़ाते रहना, जीवन नहीं है।

जीवन में कभी-कभी रुकना भी आवश्यक है—अपने शरीर की सुनने के लिए, अपनी साँसों को महसूस करने के लिए और अपने भीतर की शान्ति को पहचानने के लिए।

इंडस वैली आयुर्वेदिक सेंटर (IVAC) – हरियाली के बीच एक अलग संसार

हाल ही में इंडस वैली आयुर्वेदिक सेंटर (IVAC), मैसूर जाने का अवसर मिला। वहाँ बिताए समय में प्राचीन भारतीय जीवन-दृष्टि और आधुनिक जीवन की भाग-दौड़ के बीच के अंतर को महसूस किया ।

इस आयुर्वेदिक सेंटर में प्रवेश करते ही सबसे पहले जो चीज ध्यान खींचती है, वह है—हरियाली। मैसूर शहर के करीब होते हुए भी ऐसा लगता है, जैसे धीरे-धीरे किसी दूसरे संसार में प्रवेश कर रहे हों। चारों ओर फैले पेड़, घास के मैदान, व्यवस्थित उद्यान

और खुली जगहें आँखों को राहत देती हैं। यह परिसर 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है. इसकी विशालता केवल आकार में नहीं, बल्कि उसके प्राकृतिक विस्तार में भी दिखाई देती है।

कहीं हरे-भरे पेड़ों की कतारें हैं, ओर कहीं पानी का विस्तार। कहीं झील दिखाई देती है, कहीं स्विमिंग पूल, कहीं फव्वारे और कहीं बहते पानी का झरने का दृश्य। चलते-चलते अचानक पानी की आवाज सुनाई देती है। कुछ क्षण के लिए मन रुक जाता है।

शहर में हम अक्सर पानी को नल, टंकी या बोतल के रूप में देखते हैं। यहाँ पानी वातावरण का हिस्सा बनकर मन को शान्त करता है।

परिसर में प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप व्यायाम की सुविधाएँ भी हैं। यहाँ व्यायाम किसी बंद कमरे की चारदीवारी में सीमित नहीं लगता। हरियाली के बीच शरीर को चलाने का अनुभव महसूस होता है। पूरे परिसर की देखभाल में एक विशेष व्यवस्था दिखाई देता है।

पेड़-पौधों से लेकर रास्तों तक, कमरों से लेकर उपचार क्षेत्रों तक, हर चीज में व्यवस्था और स्वच्छता का ध्यान रखा गया है।

पहली दृष्टि में यह किसी शानदार रिसॉर्ट जैसा प्रतीत होता है। लेकिन यहाँ का उद्देश्य, केवल आराम या मनोरंजन नहीं है।

यहाँ आराम को उपचार की प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया है।

कमरे आरामदायक हैं। सुविधाएँ आधुनिक हैं। सेवा-व्यवस्था व्यवस्थित है। लेकिन इस आधुनिकता के बीच वातावरण में,

एक सहज भारतीयता बनी रहती है। शायद यही इस स्थान की विशेषता है—आधुनिक सुविधा और प्राचीन उपचार–दृष्टि का साथ–साथ चलना।

यहाँ आयुर्वेदिक उपचार व्यक्ति की आवश्यकता  और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार निर्धारित किए जाते हैं। तेल मालिश, विभिन्न आयुर्वेदिक प्रक्रियाएँ, शिरोधारा, पंचकर्म, योग और विश्राम, इस अनुभव का हिस्सा हैं।

लेकिन मेरे लिए इस पूरे परिसर की सबसे आकर्षक बात केवल उपचार नहीं थी। वह था—वातावरण। सुबह पेड़ों के बीच चलना, दूर से आती पानी की आवाज सुनना, खुले आकाश को देखना, कुछ समय चुपचाप बैठना—ये छोटी-छोटी बातें भी आज के व्यस्त जीवन में अपने आप में उपचार जैसी लगती हैं।

हमारे दैनिक जीवन में हर चीज समय से बँधी होती है। सुबह जल्दी उठना, तैयार होना, काम पर जाना, फोन देखना, ई-मेल का उत्तर देना, बैठकें करना, ट्रैफिक में फँसना, और फिर घर लौटकर अगले दिन की तैयारी करना। इस लगातार दौड़ते जीवन में अपने लिए समय ही कहाँ बचता है? ऐसे स्थान पर आकर लगता है कि घड़ी थोड़ी धीमी हो गई है।

यहाँ बैठने के लिए, चलने के लिए समय है। चुप रहने के लिए भी। और शायद स्वयं से मिलने के लिए भी। प्रकृति यहाँ केवल सजावट नहीं है। वह पूरे अनुभव की पृष्ठभूमि है। पेड़ छाया देते हैं, पानी ध्वनि देता है, खुला आकाश विस्तार देता है, और शांत वातावरण मन को प्रेरित करता है।

इसीलिए IVAC मुझे केवल एक आयुर्वेदिक उपचार केन्द्र नहीं लगा। यह ऐसा स्थान लगा जहाँ प्रकृति, उपचार और विश्राम एक साथ मिलकर जीवन की भाग-दौड़ से भागने का अवसर देते हैं।

उपचार के साथ विश्राम

आयुर्वेदिक उपचार की विशेषता केवल किसी एक प्रक्रिया में नहीं, बल्कि पूरे वातावरण और जीवन-पद्धति में दिखाई देती है।

अभ्यंग जैसे तेल उपचार शरीर को आराम देने, और थकान कम करने का अनुभव दे सकते हैं। शिरोधारा में माथे पर तेल की धीमी और निरन्तर धार मन को गहरे विश्राम का अनुभव कराती है। पंचकर्म जैसी प्रक्रियाएँ अधिक विस्तृत होती हैं और, विशेषज्ञ की सलाह तथा निगरानी में ही कराया जाता है। विभिन्न हर्बल और तेल उपचार शरीर को आराम का अनुभव प्रदान करते हैं।

योग और प्राणायाम शरीर को सक्रिय रखने के साथ श्वास और मन पर ध्यान केन्द्रित करने का अवसर देते हैं। ध्यान और कुछ समय का मौन मन, रोजमर्रा की बेचैनी से बाहर आने में, सहायता करता है।

हरी-भरी प्रकृति में टहलना, शरीर के साथ-साथ मन के लिए भी सुखद अनुभव बन जाता है। संतुलित और उपयुक्त भोजन,

स्वस्थ जीवन-पद्धति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। पर्याप्त नींद, और विश्राम शरीर को अपनी प्राकृतिक गति से  पुनः सन्तुलित करते हैं।

ऐसी जगह आकर हम समझने लगते है कि, स्वास्थ्य केवल बीमारी का इलाज नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने की निरन्तर प्रक्रिया है।

आयुर्वेद और योग की सबसे सरल सीख यही है—हम अपने शरीर को जितना समय देते हैं, उतना ही अपने मन को भी दें। कभी-कभी जीवन की समस्याओं का समाधान किसी नई चीज को पाने में नहीं, बल्कि थोड़ी देर रुककर अपने भीतर की शान्ति को फिर से खोजने में होता है।